Our Mission

सनातन समाज पार्टी (ससपा) का राष्ट्रीय एजेंडा “समता, संस्कृति और समृद्धि का संकल्प”

भारत की प्राचीन सनातन परंपरा सदैव धर्म, न्याय, समता और लोककल्याण की आधारशिला रही है। इसी आदर्श को पुनः स्थापित करने के लिए सनातन समाज पार्टी (ससपा) का गठन किया गया है। हमारा लक्ष्य ऐसा राष्ट्र बनाना है जहाँ हर नागरिक को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा मिले तथा शासन व्यवस्था पूर्णतः जनहित में कार्य करे।

सनातन समाज पार्टी निम्नलिखित मूल संकल्पों के साथ राष्ट्र निर्माण का अभियान चला रही है —


1. समता आधारित समाज व्यवस्था
देश में वर्षों से चली आ रही विभाजनकारी नीतियों जैसे एससी एसटी एक्ट यूजीसी एक्ट आरक्षण जातिवाद धर्मवाद भाषावाद को समाप्त कर समान अवसर और समान अधिकार की व्यवस्था स्थापित करना। समाज में जाति, वर्ग और विशेषाधिकार के आधार पर बने कृत्रिम भेदभाव को समाप्त कर एक समरस राष्ट्र का निर्माण करना।

2. राजनीति को सेवा का माध्यम बनाना
विधायक, सांसद और मंत्रियों के अनावश्यक वेतन-भत्तों को समाप्त कर राजनीति को व्यवसाय नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाना। जनप्रतिनिधि केवल राष्ट्र और समाज के हित में कार्य करें, यही हमारा लक्ष्य है।

3. योग्यता आधारित व्यवस्था
सरकारी सेवाओं और संस्थानों में योग्यता, परिश्रम और प्रतिभा को ही प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसी नीति लागू की जाएगी जिससे योग्य और परिश्रमी युवाओं को उनके श्रम का न्यायपूर्ण फल मिले।

4. गरीब और वंचित वर्ग के लिए सशक्त समर्थन
एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले सभी नागरिकों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।

5. शिक्षा और स्वास्थ्य सबके लिए निःशुल्क
हर नागरिक को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है। स्वस्थ और शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है।

6. एक देश – एक चुनाव
देश में बार-बार होने वाले चुनावों पर खर्च होने वाले भारी सरकारी धन को बचाने के लिए एक देश – एक चुनाव प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे प्रशासनिक स्थिरता और आर्थिक बचत सुनिश्चित हो।

7. एक देश – एक शिक्षा नीति
भारत की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विज्ञान दोनों को साथ लेकर एक समान शिक्षा प्रणाली लागू की जाएगी। गुरुकुल परंपरा के मूल्यों और आधुनिक ज्ञान का समन्वय कर भविष्य की पीढ़ियों को सक्षम बनाया जाएगा।

8. कर्मचारियों के लिए न्यायपूर्ण व्यवस्था
सरकारी कर्मचारियों के वेतन में असमानता दूर की जाएगी तथा पुरानी पेंशन योजना के साथ एक समान नियम पूरे देश में लागू किए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।


हमारा अंतिम लक्ष्य
सनातन समाज पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि भारत को एक न्यायपूर्ण, समरस और शक्तिशाली राष्ट्र बनाना है जहाँ हर नागरिक को सम्मान, अवसर और सुरक्षा प्राप्त हो।

हम सभी राष्ट्रभक्त नागरिकों से आह्वान करते हैं कि इस महान अभियान में सहभागी बनें और सनातन मूल्यों पर आधारित नए भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।